बियर बार में युवती के सिर में मारी बोतल, उपचार के दौरान मौत; परिजनों ने घेरा थाना

रायपुर। रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र के गीतानगर इलाके में एक विवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बियर बार में हुए हमले में गंभीर रूप से घायल विवाहिता वेदिका सागर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। मृतका के परिजन और मोहल्लेवासियों ने आजाद चौक थाने का घेराव किया और आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा के तहत कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस के मुताबिक, वेदिका सागर को टी. सुनील राव उर्फ शीनू बियर बार में लेकर गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपी ने बियर की बोतल से वेदिका पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गई। बियर बार में अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद स्टाफ और लोगों की मदद से वेदिका को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में वेदिका की हालत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टरों ने उसे ICU में भर्ती कर इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे अस्पताल से सीधे थाने पहुंचे।

घटना से आक्रोशित परिजन और गीतानगर के रहवासियों ने आजाद चौक थाने का घेराव कर आरोपी टी. सुनील राव उर्फ शीनू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।

लोगों का आरोप है कि आरोपी पहले से ही वेदिका को प्रताड़ित करता था और शराब के नशे में अक्सर विवाद करता था। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *