यो यो हनी सिंह नए विवाद में घिरे, जस्सी ने मांगी परिवार से हस्तक्षेप

दिल्ली। दिल्ली के एक कॉन्सर्ट में मशहूर सिंगर-रैपर यो यो हनी सिंह ने स्टेज पर अश्लील बातें करते हुए विवाद खड़ा कर दिया। ठंड का हवाला देते हुए हनी सिंह ने युवाओं को आपत्तिजनक भाषा और अश्लीलता के लिए उकसाया। उनके इस व्यवहार का वीडियो फैंस ने मोबाइल पर रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे मामला और बढ़ गया।

पंजाबी सिंगर जसबीर जस्सी ने वीडियो साझा करते हुए कहा कि हनी सिंह ने सभी हदें पार कर दी हैं। जस्सी ने हनी सिंह के माता-पिता और बहन से अपील की कि उन्हें रोकें, अन्यथा यह प्रवृत्ति आगे बढ़ेगी और युवाओं के बीच गलत संदेश जाएगा। जस्सी ने कहा कि यह फिर से शुरू हो गया है और अब इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

इस विवाद के बाद हनी सिंह ने इंस्टाग्राम पर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि वीडियो को एडिट करके वायरल किया गया है, जिससे लोगों को आपत्ति हुई। उन्होंने बताया कि वे शो में केवल मेहमान थे और जेन-जेड ऑडियंस को उनकी भाषा में मैसेज देना चाहते थे। हनी सिंह ने तीन बिंदुओं में सफाई दी: वीडियो एडिट हुआ, उनका मकसद किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था और भविष्य में वे अपनी भाषा पर नियंत्रण रखेंगे।

हनी सिंह इससे पहले भी अपने गानों और स्टेज पर अश्लील डांस और शब्दों को लेकर विवादों में रह चुके हैं। 2014 से 2018 तक वे मानसिक परेशानियों के कारण म्यूजिक इंडस्ट्री से दूर रहे। हाल ही में उनके पुराने गानों को लेकर जालंधर के भाजपा नेता ने DGP को शिकायत भी भेजी थी।

14 जनवरी की रात दिल्ली कॉन्सर्ट में हनी सिंह ने पहले गाली दी और फिर अश्लील टिप्पणियां करना शुरू किया। उन्होंने कार में संबंध बनाने जैसी बातें करते हुए युवाओं को गलत व्यवहार के लिए प्रोत्साहित किया। इस पूरे विवाद के बाद हनी सिंह ने कहा कि वे अब सोच-समझकर ही बोलेंगे और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *