छत्तीसगढ़–झारखंड बॉर्डर पर भीषण हादसा: स्कूल बस पलटी, 5 की मौत 82 घायल

बलरामपुर। छत्तीसगढ़–झारखंड बॉर्डर पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 82 लोग घायल हो गए। मृतकों में 4 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।

हादसा इतना भीषण था कि सड़क पर लाशें बिखरी रहीं और हर तरफ चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल 30 से अधिक लोगों को रांची रेफर किया गया है। यह हादसा झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र में हुआ।

जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के 87 लोग ज्ञान गंगा स्कूल की बस में सवार होकर झारखंड के लोध गांव में एक सगाई कार्यक्रम में जा रहे थे।

ओरसा बंगलादारा घाटी में उतरते समय बस का ब्रेक अचानक फेल हो गया। ढलान पर तेज रफ्तार बस बेकाबू हो गई और पीडब्ल्यूडी के रोड सेफ्टी गार्ड को तोड़ते हुए एक पेड़ से टकराकर करीब 20 फीट गहरी खाई में पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री बस के अंदर दब गए, जबकि कुछ उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घायल मदद की गुहार लगाते रहे। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

बस चालक विकास पाठक ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले ही ब्रेक फेल होने का अहसास हुआ था। उन्होंने बस को रोकने के लिए हैंड ब्रेक लगाया और इंजन बंद कर दिया, लेकिन ढलान होने के कारण बस पर नियंत्रण नहीं हो सका।

घायलों को महुआडांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कार्मेल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि 60 घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 22 को कार्मेल अस्पताल में भर्ती किया गया है। वहीं बलरामपुर के सामरी थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया।

पुलिस ने आशंका जताई है कि गंभीर घायलों के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखा गया है। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *