रायपुर में 28 जनवरी से राज्य स्तरीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता: 300 से अधिक दिव्यांग खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

रायपुर। रायपुर में 28 से 30 जनवरी तक 16वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, जोरा परिसर में होगी। इसे पैरा एथलेटिक्स एसोसिएशन और रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों में छिपी प्रतिभा को सामने लाना और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों में अपार क्षमता है, बस उन्हें मंच और अवसर प्रदान करने की आवश्यकता है। इससे भविष्य में छत्तीसगढ़ के पैरा एथलीट राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे।

खेलों का स्वरूप

प्रतियोगिता में ट्रैक और फील्ड दोनों तरह के इवेंट आयोजित किए जाएंगे। ट्रैक इवेंट्स में 100, 200, 400, 800 और 1500 मीटर दौड़ शामिल हैं। फील्ड इवेंट्स में लॉन्ग जंप, ऊंची कूद, तवा फेंक, गोला फेंक और भाला फेंक आयोजित होंगे। प्रतियोगिता में T-11, T-12, T-13, T-40, T-41, T-42, T-44, T-45, T-46, T-47 और T-54 कैटेगरी के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जो दृष्टिबाधित और अस्थिबाधित प्रतिभागियों के लिए निर्धारित हैं।

आयु वर्ग और प्रतिभागी

खिलाड़ी तीन आयु वर्गों में हिस्सा लेंगे—सब जूनियर (8-15 वर्ष), जूनियर (15-20 वर्ष) और सीनियर (21 वर्ष और उससे ऊपर)। आयोजन में लगभग 300 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। इसके अलावा 50 अटेंडर, टीम मैनेजर, 50 से अधिक अधिकारी, कोच, वालंटियर और सुरक्षाकर्मी भी मौजूद रहेंगे। प्रतिभागियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था आयोजकों द्वारा की गई है।

पुरस्कार और आयोजन समिति

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। यह पुरस्कार नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी की ओर से उपहार स्वरूप प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम में आयोजन समिति के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, डिकेंस टंडन, सचिव किशनलाल, विभीषण निषाद और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

इस प्रतियोगिता से छत्तीसगढ़ के दिव्यांग खिलाड़ियों को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन का अवसर मिलेगा और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का मौका मिलेगा।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *