जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। भद्रवाह-चंबा रोड पर जा रहा सेना का कैस्पर वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में चार जवान शहीद हो गए, जबकि अन्य 12 घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, जिस सड़क पर यह हादसा हुआ, उसकी स्थिति पहले से ही काफी खराब बताई जा रही है। अज्ञात कारणों से सेना का वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही सेना और प्रशासन की बचाव टीम मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां तीन जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और रेस्क्यू अभियान जारी है।











