CG–महाराष्ट्र बॉर्डर पर भीषण मुठभेड़: 1 जवान शहीद, 3 नक्सली ढेर; घायल जवान एयरलिफ्ट, सर्च ऑपरेशन जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र बॉर्डर पर नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ में महाराष्ट्र पुलिस की C-60 कमांडो टीम के एक जवान शहीद हो गए, जबकि 3 नक्सलियों को मार गिराया गया है। एक अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना की पुष्टि महाराष्ट्र पुलिस ने की है। मुठभेड़ गढ़चिरौली जिले के भामरागढ़ तहसील क्षेत्र में हुई, जो अबूझमाड़ के जंगलों से सटा इलाका है।

जानकारी के मुताबिक, 6 फरवरी की सुबह माओवादी विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों की टीम जंगल में सर्च ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों ओर से भारी गोलीबारी हुई। मुठभेड़ में C-60 के जवान कांस्टेबल दीपक चिन्ना मदावी (38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें हेलीकॉप्टर से भामरागढ़ उप-जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मुठभेड़ स्थल से 3 नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें 2 पुरुष और 1 महिला शामिल हैं। मौके से एक AK-47 और एक SLR राइफल भी बरामद की गई है। फिलहाल मारे गए नक्सलियों की पहचान नहीं हो पाई है। इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर सर्च ऑपरेशन जारी है।

गौरतलब है कि एक दिन पहले 5 फरवरी को छत्तीसगढ़–तेलंगाना बॉर्डर पर भी नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई थी। बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने 8 लाख के इनामी नक्सली कमांडर उधम सिंह को एनकाउंटर में मार गिराया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से नक्सलियों पर दबाव बढ़ता जा रहा है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *