छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 26 ट्रेनें रद्द: 7 राज्यों के यात्रियों की बढ़ी परेशानी, फरवरी-अप्रैल में असर

रायपुर। छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली कुल 26 ट्रेनों को विभिन्न तकनीकी और निर्माण कार्यों के चलते रद्द किया गया है, जिससे मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, बिहार और पंजाब समेत सात राज्यों के यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह निर्णय नागपुर मंडल के गोंदिया स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर बने वॉशेबल एप्रन के डिस्मेंटलिंग और बैलेस्टेड ट्रैक निर्माण कार्य के कारण लिया गया है। इसके लिए 20 दिनों का ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है, जिसके चलते 4 से 26 अप्रैल तक कुल 14 ट्रेनें रद्द रहेंगी।

इसके अलावा रायपुर मंडल के हथबंद-भाटापारा सेक्शन में रोड अंडर ब्रिज निर्माण के तहत गर्डर लॉन्चिंग का कार्य किया जाएगा। इस वजह से 14 और 15 फरवरी को ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा, जिससे इन दो दिनों में 12 यात्री ट्रेनें रद्द की गई हैं। वहीं भिलाई स्टेशन पर भी डिस्मेंटलिंग कार्य के चलते कुछ गाड़ियां प्रभावित रहेंगी।

इन रद्द ट्रेनों का असर खासतौर पर रायगढ़, कोरबा, बिलासपुर, दुर्ग, गोंदिया, नागपुर, शालीमार, अमृतसर, हजरत निजामुद्दीन और लोकमान्य तिलक टर्मिनल रूट के यात्रियों पर पड़ेगा।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जांच जरूर कर लें और वैकल्पिक व्यवस्था करें। 14 फरवरी को झारसुगुड़ा-गोंदिया और गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू ट्रेनें बिलासपुर तक ही सीमित रहेंगी।

वहीं अप्रैल में शालीमार-एलटीटी, कोरबा-अमृतसर, रायगढ़-हजरत निजामुद्दीन, विशाखापट्टनम-हजरत निजामुद्दीन और बरौनी-गोंदिया जैसी कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें भी अलग-अलग तिथियों में रद्द या आंशिक रूप से संचालित होंगी। इससे लंबी दूरी के यात्रियों को अधिक दिक्कत होगी।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *