दामाखेड़ा पहुंचे मुख्यमंत्री; कबीर सागर को संवारने की परियोजना का भूमिपूजन किया, 22 करोड़ में सौंदर्यीकरण का प्लान

रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को बलौदा बाजार जिले के दामाखेड़ा पहुंच गए। यहां उन्होंने कबीर धर्मनगर स्थित कबीर सागर तालाब के सौंदर्यीकरण की नई परियोजना का भूमिपूजन किया। उनके साथ कबीर पंथ के आचार्य प्रकाश मुनी साहेब, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत और गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू भी भूमिपूजन में शामिल हुए।

राज्य सरकार 22 करोड़ 43 लाख रुपए की लागत से इस तालाब का सौंदर्यीकरण करा रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दामाखेड़ा मेले की व्यवस्था के लिए 50 लाख रुपए की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। अभी तक इस महत्वपूर्ण मेले की व्यवस्था के लिए सरकार 27 लाख रुपए की मदद देती रही है। मुख्यमंत्री ने यहां नई धर्मशाला और अतिथि गृह बनाने की भी घोषणा की है। मुख्यमंत्री दामाखेड़ा में आयोजित श्री सतगुरु कबीर संत समागम समारोह में भी शामिल हुए। इस दौरान कबीर पंथ के अनुयाइयों से मुलाकात की और सत्संग का आनंद लिया। दामाखेड़ा में यह संत समागम 13 मार्च से शुरू हुआ। पहले ही दिन 20 हजार से अधिक श्रद्धालु समागम में पहुंचे थे। समय के साथ श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ती जा रही है।

गृह, लोक निर्माण और पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू मेला शुरू होने से एक सप्ताह पहले ही दामाखेड़ा पहुंचे थे। वहां उन्होंने पंथ के प्रमुख प्रकाश मुनी साहेब से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियोंे की बैठक लेकर मेले की तैयारियों की समीक्षा की।

दामाखेड़ा के सत्संग में देश भर से कबीर पंथ के अनुयाई पहुंचे हैं। 13 मार्च से रोज ही यहां गुरु महिमा का पाठ, सत्संग और भजन हो रहे हैं। पिछले दिनों सामुहिक चलावा आनंदी चौका आरती हुई। गुरुवार को आनंदी चौका आरती होनी है। वहीं 19 मार्च को दीक्षांत समारोह होगा।

 

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *