नक्सलियों का उत्पात जारी; नारायणपुर में रोड पर पत्थर रखकर मार्ग किया बंद, बैनर भी बांधे

नारायणपुर. बस्तर में माओवादी अपने साम्राज्यवाद विरोधी सप्ताह के तहत लगातार उत्पात मचा रहे हैं। बस्तर के नारायणपुर जिले में माओवादियों ने ओरछा मार्ग पर फिर से बीच सड़क पर बड़े-बड़े पत्थर रख मार्ग को बंद कर दिया। इसी जगह नक्सलियों ने बैनर भी बांधे। इधर, बीजापुर जिले में भी कुटरु-बेदरे सड़क को 10 से 12 जगहों से काट दिया। हालांकि सूचना मिलने के बाद जवान JCB लेकर पहुंच गए, और गड्ढों को पाट दिया है। इस इलाके में भी माओवादियों ने भारी संख्या में पर्चे फेंके।

जानकारी के मुताबिक, बस्तर में माओवादी 23 मार्च से 29 मार्च तक साम्राज्यवाद विरोधी सप्ताह मना रहे हैं। नक्सलियों के इस सप्ताह का आज 29 मार्च को आखिरी दिन है। माओवादियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए देर रात ओरछा ब्लॉक मुख्यालाय को नारायणपुर जिला मुख्यालाय से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर जगह-जगह पत्थर रख मार्ग को बंद कर दिया था। जिससे कुछ देर तक आवागमन प्रभावित हो गया था। हालांकि मौके पर पहुंचे जवानों ने मार्ग खोल दिया है। माओवादियों ने अपने इस सप्ताह में दूसरी बार इसी सड़क को निशाना बनाया है। इससे पहले 23 मार्च को भी सड़क को जगह-जगह से काटा था।

नक्सलियों ने अंदरूनी इलाके में कुटरु से बेदरे जाने वाले मुख्य मार्ग को करीब 10 से 12 जगहों से काटकर मार्ग को बाधित कर दिया था। इस इलाके में जगह-जगह पर बैनर पोस्टर चस्पा कर माओवादियों ने साम्राज्यवाद विरोधी सप्ताह मनाने की बात लिखी थी। साथ ही इंद्रावती नदी पर बन रहे पुल का भी विरोध किया। जब इस मामले की जानकारी बीजापुर पुलिस को मिली तो जवान फौरन मौके पर पहुंच गए। जिन्होंने JCB की मदद से कुछ ही घंटे में सारे गड्ढों को भर दिया। फिलहाल मार्ग फिर से चालू हो गया है।

 

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *