बिलासपुरः डामर व्यवसायी से मुंबई के व्यापारी ने की छह करोड़ की धोखाधड़ी

बिलासपुर। करबला रोड में रहने वाले एक व्यवसायी से मुंबई के व्यापारी पिता-पुत्र ने मिलकर छह करोड़ की धोखाधड़ी कर ली। धोखाधड़ी के बाद व्यापारी पिता-पुत्र अपने ठिकाने से फरार हैं। व्यवसायी ने इसकी शिकायत कोतवाली थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

कोतवाली क्षेत्र के करबला रोड स्थित एसके इंड्रस्ट्रिज में साम पांडेय सेल्स मैनेजर हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी डामर का व्यवसाय करती है। उन्हें पता चला कि मुंबई के जेजे इंड्रस्ट्रिज से सही कीमत पर डामर की सप्लाई की जाती है। इसका संचालन दर्शन मेहता और उसके पुत्र भास्कर मेहता के द्वारा किया जाता है। पिता पुत्र ने उनसे संपर्क कर उचित कीमत व सही समय पर डामर सप्लाई का आश्वासन दिया। इस पर एसके इंड्रस्ट्रिज की ओर जेजे इंड्रस्ट्रिज को डामर सप्लाई के लिए आर्डर देना शुरू कर दिया गया। कंपनी की ओर से एक फरवरी से सात अप्रैल 2022 के बीच नौ करोड़ 57 लाख 68 हजार 800 स्र्पये का आर्डर दिया गया। इसका अग्रिम भुगतान भी कंपनी की ओर से कर दिया गया। इसके बदले कंपनी की ओर से तीन करोड़ 36 लाख 83 हजार तीन सौ 20 स्र्पये का डामर सप्लाई किया गया। शेष छह करोड़ 20 लाख 85 हजार स्र्पये का डामर सप्लाई करने से पहले पिता-पुत्र फरार हो गए। अन्य व्यापारियों से पता चला कि पिता-पुत्र ने मिलकर कई व्यापारियों से धोखाधड़ी की है। शिकायत पर कोतवाली पुलिस धारा 420 के तहत जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

विदेश भागने की आशंका, रोकने की मांग

सेल्स मैनेजर साम पांडेय ने बताया कि देश के अलग-अलग हिस्से में रहने वाले व्यापारियों से दर्शन मेहता और भास्कर मेहता ने करोड़ों स्र्पये की धोखाधड़ी की है। बड़ी रकम को चुकाने से पहले पिता पुत्र देश से बाहर भाग सकते हैं। सेल्स मैनेजर ने उनके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी करने की मांग की है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *