CG MURDER : पति-पत्नी ने व्यापारी पर हमला कर सिर के किए दो टुकड़े, आक्रोशित व्यापारियों ने बंद की दुकानें

धमतरी। अर्जुनी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद में पति-पत्नी ने एक व्यापारी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने व्यापारी के सिर पर सब्बल से इतनी जोर से वार किया कि उसके दो टुकड़े हो गए। इसके बाद सब्बल उसके गले में घुसेड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को हिरासत में ले लिया है। हत्या के विरोध में जैन समाज ने शहर में अपनी दुकानें बंद कर दी हैं।

जानकारी के अनुसार, शांति नगर कॉलोनी निवासी राजेंद्र पारख (58) मेडिकल स्टोर संचालक थे और प्रॉपर्टी का भी काम करते थे। उन्होंने एक जमीन ग्राम अमेठी बस्ती मंच के पास ली थी। इसे लेकर उनका फिरंगी निर्मलकर से विवाद चल रहा था। इसका मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। राजेंद्र सोमवार सुबह करीब 9 बजे अपनी दुकान पर पहुंचे और फिर वहां से अमेठी गांव चले गए। बताया जा रहा है कि राजेंद्र उस जमीन की बाउंड्रीवॉल होने के बाद वहां दरवाजा लगवाने गए थे। सुबह करीब 9.30 बजे फिरंगी निर्मलकर अपनी पत्नी फुलेश्वरी निर्मलकर के साथ वहां पहले से मौजूद था। राजेंद्र को वहां देख दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

बात इतनी बढ़ी कि फिरंगी ने सब्बल से राजेंद्र पर वार कर दिया। यह देख फुलेश्वरी ने भी उसी सब्बल से मारा। हमले में राजेंद्र का सिर फट गया और उसका भेजा बाहर आ गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके गले में सब्बल घुसा दिया। ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। राजेंद्र को प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। वारदात के बाद जैन समाज आक्रोशित हो गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद समाज के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दी हैं।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *