भिलाई : अतिक्रमण के खिलाफ की कार्रवाई,संडे मार्केट में चली निगम की JCB…

भिलाई : सुपेला संडे मार्केट में रविवार को तड़के सुबह निगम अमले ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की. निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे के निर्देश पर अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी के नेतृत्व में कब्जाधारियों को हटाया गया. 44 स्थानों से अतिक्रमण और कब्जा हटाया गया. सुपेला संडे मार्केट को व्यवस्थित करने के लिए तथा सड़क को सुगम बनाने और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने के लिए रविवार को निगम की पांच टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की. इससे पूर्व विगत दो-तीन दिनों से समझाइश दी जा रही थी, लेकिन कुछ लोगों ने फिर से बांस-बल्ली गढ़ाकर सामान विक्रय करना प्रारंभ कर दिया था. स्थिति को देखते हुए सुबह से पहुंची निगम की टीम ने सड़कों पर रखे टेबल को हटवाया और बांस-बल्ली को जेसीबी से उखाड़कर जब्ती बनाई.

इसके अलावा कई लोगों ने सड़क किनारे मलबा बिखेरकर रखा हुआ था. रेत और गिट्टी होने के कारण सड़क में आवागमन प्रभावित हो रहा था. निगम ने सभी सामानों की जब्ती बनाई. कार्रवाई के दौरान लगातार पुलिस प्रशासन की टीम तथा पेट्रोलिंग वाहन मॉनिटरिंग करती रही. जोन आयुक्त मनीष गायकवाड ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए व्यवसायियों से चर्चा की. इससे पूर्व अप्रैल माह में सुपेला संडे मार्केट पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए सड़क को सुगम किया गया था.

कब्जेधारियों को हटाने के लिए चार जेसीबी और छह डंपर का उपयोग किया गया. सुपेला संडे मार्केट का क्षेत्र जोन क्रमांक एक नेहरू नगर और जोन क्रमांक 2 वैशाली नगर के अंतर्गत आता है. कार्रवाई के दौरान नेहरू नगर जोन के आयुक्त मनीष गायकवाड, प्रभारी कार्यपालन अभियंता कुलदीप गुप्ता, प्रभारी सहायक अभियंता आलोक पसीने, प्रभारी सहायक अभियंता अरविंद शर्मा, उप अभियंता गौरव अग्रवाल, पुरुषोत्तम सिन्हा, सहायक राजस्व अधिकारी, बालकृष्ण नायडू, मलखान सिंह सोरी, जगन्नाथ तिवारी आदि मौजूद रहे

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *