अंबिकापुर: सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टुकुडांड में नाला किनारे बेवा की संदिग्ध परिस्थतियों में मिली लाश का राजफाश पुलिस ने कर दिया है।महिला के शादीशुदा प्रेमी ने रास्ते से हटाने के लिए सुनियोजित साजिश के तहत कीटनाशक का सेवन कर एक साथ जान देने का बहाना किया।महिला को कीटनाशक दे दिया और खुद ऐसा नाटक किया कि महिला को लगे कि उसने भी कीटनाशक का सेवन किया है।इससे महिला की मौत हो गई और प्रेमी सुरक्षित बच गया।जांच के बाद पुलिस ने प्रेमी के खिलाफ हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया है।
प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम टुकुडांड के पतरंगी नाला के समीप बीते 29 मई को महिला की लाश मिली थी।लाश के पास कीटनाशक की शीशी पड़ी हुई थी।प्रथम दृष्टया कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर लेने का संदेह पुलिस को हुआ था। महिला से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि मृतका ग्राम सिलफिली(प्रतापपुर)की रहने वाली थी।उसकी शादी करीब आठ वर्ष पूर्व ग्राम कछार थाना चंदौरा के एक व्यक्ति के साथ हुई थी।उनके दो बच्चे है। शादी के कुछ वर्ष बाद से ही महिला अपने पति और बच्चों सहित ग्राम सिलफिली में अपने मायके में रहती थी। आठ माह पूर्व महिला के पति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली गई थी। उसके कुछ दिन बाद से महिला का ग्राम सिलफिली के शिवप्रसाद गोंड के साथ प्रेम संबंध स्थापित हो गया था। आरोपित शिवप्रसाद गोंड़ विवाहित था।उसकी पत्नी और बच्चे भी साथ में रहते है। दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी शिवप्रसाद के घर वालों को होने पर बीते 26 मई की शाम को उसके रिश्तेदार मृतका के घर आकर शिवप्रसाद से दूर रहने का आग्रह किया था। महिला से इस बात को लेकर विवाद भी हुआ था।इस घटनाक्रम के बाद महिला रात को गुस्से में अपना घर छोड़कर प्रेमी शिवप्रसाद के पास आ गई थी।











