तराईमार में हाथियों के दल ने मचाया उत्पात, अमरैया बाड़ी को उजाड़ा, दहशत में ग्रामीण

कोरबा। जिले के करतला रेंज में हाथियों के दल ने उत्पात मचाना शुरू कर दिया है। यहां लगभग 22 हाथियों का दल कुदमुरा के रास्ते पहुंच गया है। हाथियों के इस दल ने यहां पहुंचते ही उत्पात मचाना शुरू कर दिया है। करतला रेंज के कल्गामार व तराईमार स्थित अमरैया बाड़ी में प्रवेश कर हाथियों ने आम के पौधों को उजाड़ दिया है। जिससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इसकी सूचना मिलने पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और हाथियों द्वारा किये गए नुकसानी का आंकलन करने के साथ ही रिपोर्ट तैयार की गई। प्रारंभिक तौर पर हाथियों के उत्पात से 25 हजार रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। उधर कटघोरा वनमंडल के केंदई, एतमानगर व पसान रेंज में भी बड़ी संख्या में हाथियों का दल अलग-अलग समूहों में विचरण कर रहा है। इसमें से एक दल केंदई के कापा नवापारा क्षेत्र में मौजूद है। जबकि 6-7 हाथी पसान के सेमरा क्षेत्र में विचरण कर रहे हैं। खतरनाक दंतैल मातिनदाई के निकट पहुंच गया है। एतमानगर में मौजूद 12 हाथियों का दल बीती रात गुरसिया वन परिसर के चिन्वारीपारा होते हुए कोदवारी पहुंच गया। हाथियों के इस दल ने यहां अब तक कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है। इससे एक दिन पूर्व हाथियों ने यहां उत्पात मचाते दो घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया था। वन विभाग का अमला लगातार हाथियों की निगरानी में जुटा हुआ है। हाथियों की हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। चिन्वारीपारा, कोदवारी सहित आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *