जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकवादियों ने एक पुलिस अधिकारी की उसके घर के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
जिस समय पुलिस अधिकारी को गोली मारी गई वह घर के अंदर सो रहे थे। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश शुरू कर दी है। सब इंस्पेक्टर का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि मीर सीटीसी लेथपोरा में आईआरपी 23वीं बटालियन में तैनात थे। शुक्रवार की रात वह घर पर सो रहे थे, तभी कुछ नकाबपोश आतंकी उनके घर घुसे और ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर भाग निकले।गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बीते 2 जून को आतंकवादियों ने एक बैंक मैनेजर विजय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना ने भी सनसनी फैला दी थी। आतंकियों ने बैंक के अंदर घुसकर बैंक मैनेजर को निशाना बनाया था। बैंक मैनेजर की हत्या से दो दिन पहले ही आतंकियों ने 31 मई को जम्मू रीजन के सांबा जिले की रहने वाली हिंदू टीचर रजनी बाला की कुलगाम के सरकारी स्कूल में गोली मारकर हत्या कर दी।











