गौरेला। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक युवक की आत्महत्या का दर्दनाक मामला सामने आया है। युवक ने अपनी पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर खुदकुशी कर ली। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारकर पीएम के लिए भेजा। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है जिसमें अपनी मौत का जिम्मेदार अपनी पत्नी, साला व साली को बताया है।
घटना जिले के गौरेला थाना क्षेत्र का है। गौरेला पुलिस के अनुसार मध्यप्रदेश के डिंडौरी गोरखपुर निवासी रीबल सलूजा की शादी गौरेला निवासी रानी सलूजा से हुई थी। बताया जा रहा है रीबल कोई काम धंधा नहीं करता था और उसकी इसी आदत के कारण रानी उसे छोड़कर गौरेला अपने मायके आ गई। रीबल के दो बच्चे भी हैं। पत्नी के मायके जाने से युवक काफी दुखी रहता था।
बहन से की थी बात
गौरेला पुलिस ने बताया कि रीबल सुसाइड से पहले अपनी बहन से फोन पर बात की थी। फोन कर उसने बताया था कि उसकी पत्नी बच्चों को लेकर चली गई है। गोरखपुर में कई लोगों से कर्ज ले लिया है और सभी कर्ज वापस लेने आते हैं। रीबल ने अपनी बहन को बताया कि इससे वह काफी परेशान है। इस दौरान उसने मरने की बात भी की और अपनी पत्नी पर प्रताडित करने का आरोप भी लगाया।
पत्नी के मायके जाने के बाद रीबल भी गौरेला पहुंच गया था। यहीं से उसने अपनी बहन को फोन किया था। उसकी पत्नी यहां पर एक कपड़े की दुकान में काम करने जाती है और किराए के मकान में रहती है। रविवार को जब वह काम से लौटी तो युवक उसी मकान में फांसी लगा चुका था। सूचना के बाद जांच के लिए पहुंची पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया जिसमें लिखा है कि मेरी पत्नी रानी, साला जॉनी सलूजा और साली तारा चौहान मेरी मौत के जिम्मेदार हैं।











