रायपुर। यह छत्तीसगढ़ की तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकने का समय है। यह संघर्ष का समय है। लाठियां खाने का समय है। तैयार रहें। भारतीय जनता युवा मोर्चा के 1 लाख कार्यकर्ताओं ने भूपेश बघेल को डरा दिया है। भूपेश बघेल की सरकार को डरा दिया है। भूपेश बघेल की पुलिस को डरा दिया है। भाजयुमो के रायपुर नगर निगम कार्यालय के समीप हल्ला बोल के मंच से अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आज भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद तेजस्वी सूर्या ने कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के इतिहास में भूपेश बघेल की सबसे भ्रष्टतम सरकार है। भूपेश बघेल सोनिया गांधी के लिए कलेक्शन मास्टर की भूमिका छत्तीसगढ़ में निभा रहे हैं।
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्य ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को 3 माह की मोहलत देते हुए कहा कि वह इन 3 माह में अनियमित कर्मचारियों को नियमित करें वरना दिसंबर में मैं फिर आऊंगा। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनकी सरकार पर जमकर हल्ला बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और माफिया राज चल रहा है। इस तानाशाही राज में युवा बेरोजगारी से जूझ रहे हैं। समय आ गया है कि भाजयुमो के कार्यकर्ता संघर्ष करते हुए भाजपा की सरकार बनाएं ताकि भाजपा की सरकार राज्य के युवाओं को रोजगार दे सके। 
भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने स्वामी विवेकानंद का स्मरण करते हुए कहा कि युवाओं के हित में संघर्ष करने की प्रेरणा उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी से ली है। छत्तीसगढ़ के युवा स्वामी विवेकानंद जी के बताए मार्ग पर चलकर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि यह सरकार जिस तरह से तानाशाही चला रही है, हर जगह भ्रष्टाचार कर रही है, युवाओं का शोषण कर रही है, उससे जनता को मुक्ति दिलाना भाजयुमो कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है और हम इसे पूरा करेंगे। 

भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि उन्होंने पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में वहां की सरकार के खिलाफ संघर्ष किया लेकिन छत्तीसगढ़ के युवा कार्यकर्ताओं जैसा उत्साह कहीं देखने नहीं मिला। पूरा भरोसा है कि छत्तीसगढ़ के युवा कार्यकर्ता युवाओं के हित में भाजपा की सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार माफिया की सरकार है। भूपेश बघेल की सरकार में हर विभाग में माफिया राज चल रहा है। मुख्यमंत्री बनने के बाद भूपेश बघेल ने सीएम का अर्थ ही बदल दिया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जितना विकास हुआ और जितने युवाओं को रोजगार मिला, वह भाजपा की सरकार में मिला। इसका श्रेय डॉ. रमन सिंह को जाता है। भाजपा के राज में बस्तर जैसे इलाके को भी शिक्षा के केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। जबकि भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की जनता के साथ केवल विश्वासघात किया है। भूपेश बघेल कांग्रेस की एटीएम मशीन बन गए हैं। 4 साल में भूपेश बघेल ने शिक्षा के क्षेत्र में भी कोई काम नहीं किया। शिक्षा क्षेत्र से लेकर वन विभाग तक सभी जगह भर्तियों में भ्रष्टाचार चल रहा है। 
भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रभारी तथा राष्ट्रीय महामंत्री डी. पुरंदेश्वरी ने भाजयुमो की विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए महाभारत का जिक्र किया और कहा कि महाभारत में श्रीकृष्ण ने भीम को धृतराष्ट्र के आलिंगन से बचाकर भीम की जान बचाई थी अब छत्तीसगढ़ धृतराष्ट्र के आलिंगन में है। इसे बचाने के लिए भाजयुमो के कार्यकर्ता संघर्ष करें। हमें छत्तीसगढ़ को बचाना है और छत्तीसगढ़ की जनता को उसका हक दिलाना है। भाजपा प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कहा कि इस सरकार का पतन तय हो चुका है। इस सरकार को जाना ही होगा।
हल्ला बोल कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री निवास कुच कर रहे कार्यकर्ताओं पर पदाधिकारियों पर पुलिस द्वारा बर्बरतापूर्व लाठीचार्ज किया गया जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हुए। हल्ला बोल कार्यक्रम के दौरान भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी दिया।











