बालोद : बालोद पुलिस के मुताबिक चिटफंड कंपनी दिव्यानी प्रॉपर्टी लिमिटेड ने संचालकों ने लोगों को अधिक ब्याज का लालच देकर करोड़ों रुपए जमा कराया और बाद में कंपनी बंद कर भाग गए। धोखाधड़ी मामले में इस कंपनी के डायरेक्टरों के खिलाफ बालोद के अलावा दुर्ग, रायपुर, धमतरी, कोरबा, जांजगीर-चांपा में भी अपराध दर्ज है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।
ठगी के शिकार लोगों के साथ ठगी की राशि बढ़ने का अनुमान है। आरोपी को पकड़ने बालोद एसपी ने एक टीम गठित की थी। टीम में शामिल पुलिसकर्मियों ने 5 दिन तक मध्यप्रदेश के भिण्ड, मुरैना, ग्वालियर एवं उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद में कैम्प लगाकर यानी रुककर आरोपी के बारे में कई जानकारी हासिल की। प्रकरण की विवेचना में 5 डायरेक्टर पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।
फरार आरोपी की तलाश में लोकेशन ट्रेस के आधार पर विशेष टीम तैयार कर भिंड, मुरैना, ग्वालियर (मप्र), गाजियाबाद, नोएडा (उप्र) टीम को रवाना किया गया था। टीम ने भिंड, मुरैना, ग्वालियर, गाजियाबाद, नोएडा में पांच दिन तक कैम्प कर आरोपी की तलाश की। तब पता चला कि आरोपी अपना मूल निवास में पत्नी, बच्चों को छोड़कर गाजियाबाद में एक कंपनी में सिक्युरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। पुलिस ने रेड कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
इस तरह झांसे में आए लोग, कंपनी के खिलाफ बालोद में दो बार अपराध दर्ज
पुलिस के अनुसार इस कंपनी के 6 डायरेक्टरों की गिरफ्तारी पहले से हो चुकी है। इस कंपनी के खिलाफ बालोद थाने में दो अपराध पंजीबद्ध है। ठगी के शिकार लोगों ने रिपोर्ट दर्ज कराकर जानकारी दी थी कि दिव्यानी प्रापर्टी लिमिटेड नामक चिटफंड कंपनी के संचालक ने एजेंट के माध्यम से कंपनी की लुभावनी स्कीम एवं अधिक ब्याज का लालच दिया। इस कंपनी के डायरेक्टरों के नाम दो जिले रायपुर, धमतरी में जमीन मिली है। जिसको कुर्की करने के लिए चिह्नांकित किया गया है। कोर्ट के आदेश के बाद कुर्की की कार्यवाही होगी। जिसके बाद ही निवेशकों को पैसा लौटाया जाएगा।










