IND vs ENG: यहां जानें टीम इंडिया की ताकत और कमजोरी…35 साल बाद टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में इंग्लैंड से भिड़ेगा भारत

नई दिल्ली: क्रिकेटप्रेमियों के लिए आज का मैच काफी रोमांचक होने वाला है, क्योंकि आज भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा। इस महामुकाबले के साथ ही ये भी तय हो जाएगा कि फाइनल में पाकिस्तान के साथ किसकी भिड़ंत होगी?

भारत और इंग्लैंड टी20 में 22 बार आमने-सामने आ चुके हैं। इसमें से 12 मुकाबले भारत ने जीते, जबकि इंग्लैंड की टीम को 10 मैचों में जीत हासिल हुई। भारत और इंग्लैंड की टीमें 1987 के बाद (35 साल बाद) पहली बार किसी वर्ल्ड (वनडे/टी20) के सेमीफाइनल में भिड़ेंगी। दोनों टीमों का टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में पहली बार मुकाबला है। वहीं, वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में दोनों टीमें दो बार (1983 और 1987) आमने-सामने आ चुकी हैं। एक मैच भारत और एक मैच इंग्लैंड ने जीता।

 टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें तीन बार आमने-सामने आ चुकी हैं। इसमें से दो मैच भारत ने जीते, वहीं एक मैच में इंग्लैंड की टीम को जीत हासिल हुई। इस बार दोनों टीमें न्यूट्रल वेन्यू पर आमने-सामने हैं। किसी न्यूट्रल वेन्यू पर भारत और इंग्लैंड की टीम दो बार आमने-सामने आ चुकी है। इसमें से टीम इंडिया ने दोनों मैच जीते हैं।

इस साल दोनों टीमों का टी20 में प्रदर्शन की बात करें भारत ने इस साल (2022) इस फॉर्मेट में 37 मैच खेले हैं। इसमें से 27 मैचों में टीम इंडिया ने जीत हासिल की है। वहीं, नौ मुकाबलों में भारतीय टीम हारी है। एक मैच बेनतीजा रहा है। इंग्लैंड की बात करें तो उसने इस साल 25 टी20 मुकाबले खेले हैं और 13 में जीत हासिल की है। 11 मैचों में इंग्लिश टीम को हार का सामना करना पड़ा। एक मुकाबला बेनतीजा रहा है।

भारत की ताकत

विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। इसके अलावा केएल राहुल भी लय में आ चुके हैं। विराट कोहली पहले ही इसे अपना दूसरा घरेलू मैदान बता चुके हैं।
भारतीय तेज गेंदबाजों ने अब तक के पांच मैचों में संतुलित गेंदबाजी की है। भुवनेश्वर और अर्शदीप शुरुआती झटके देने में माहिर हैं।

भारत की कमजोरी

कप्तान रोहित शर्मा अपने जोड़ीदार केएल राहुल को साथ टीम को ठोस शुरुआत नहीं दे पा रहे।
हार्दिक पंड्या भी अपने स्तर के हिसाब से अंतिम ओवरों में बल्लेबाजी नहीं कर पा रहे।
स्पिन गेंदबाजों को उनके नाम के अनुरूप सफलता नहीं मिली। कार्तिक और पंत दोनों में एक भी विकेटकीपर प्रभावित नहीं कर पाया है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *