जमीन विवाद में पुजारी को जिंदा जलाने की कोशिश, पत्नी भी हुई घायल

राजस्थान। राजसमंद जिले के देवगढ़ थाना इलाके में एक पुजारी को जिंदा जलाने की कोशिश की गई है। घटना में वो गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज अस्पताल में जारी है। वहीं बीच बचाव करने आई पुजारी की पत्नी भी आग की चपेट में आकर घायल हो गई है।

राजस्थान के कामली घाट स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने एक मंदिर है। इस मंदिर की जमीन को लेकर विवाद बताया जा रहा है। रविवार देर रात लगभग 8 से 10 लोग पुजारी की दुकान में जबरदस्ती घुसे और पुजारी से हाथापाई की। इसके बाद उन्होंने पुजारी को आग के हवाले कर दिया। इस बीच पुजारी की पत्नी भी मौके पर पहुंच गई और पुजारी को बचाने की कोशिश की। लेकिन वह खुद भी आग की चपेट में आ गईं।

जानकारी के मुताबिक, आग की चपेट में आने की वजह से पुजारी के शरीर का लगभग 80 प्रतिशत हिस्सा जल गया है और वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। आग में झुलसने से पुजारी की पत्नी भी घायल हो गई हैं। बाद में स्थानीय लोगों की तरफ से सूचना देने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और हॉस्पिटल में दोनों को भर्ती करवाया गया। मामले में पुलिस ने एक्शन लेते हुए कुल 10 लोगों को हिरासत में लिया है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *