प्लेबॉय बनने की चाहत में अश्लील मैसेज लिख लोगों के घरों में फेंकी पर्ची, हिरासत में संदेही

रायपुर। राजधानी में एक युवक द्वारा प्लेबॉय बनने की चाहत में लोगों को परेशान करने का मामला सामने आया है। युवक खुद अपना नाम और नंबर लिखकर पर्चियां घरों में फेंक कर आ गया। युवक की हरकत से परेशान होकर लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

मामला नवा रायपुर का बताया जा रहा है राखी थाने की पुलिस इस प्रकरण की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक नवा रायपुर के सेक्टर 30 में अविनाश न्यू कंट्री नाम की कॉलोनी है। इस कॉलोनी में पिछले कुछ दिनों से अजीब पर्चियां मिल रही थी। इन पर्चियों पर एक लड़के ने अपना नाम और फोन नंबर लिख रखा था। खुद को मेल सेक्स वर्कर बता रहा था। इन पर्चियों से स्थानीय लोग परेशान हुए।

लड़के का पता लगाने की कोशिश की गई मगर कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद लोगों ने स्थानीय पुलिस यानी कि राखी थाने में मामले की शिकायत दी। पता चला है कि नवा रायपुर के ही एक कॉलेज में पढ़ने वाले युवक ने इस हरकत को अंजाम दिया। पुलिस ने कहा है कि फिलहाल युवक से पूछताछ की जा रही है। इस पूरे मामले में पुलिस साजिश के एंगल पर भी छानबीन कर रही है। इस बात का भी अंदेशा लगाया जा रहा है कि किसी युवक के नाम को खराब करने के लिए किसी ने शरारत करते हुए ही हरकत की होगी।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *