लापता CRPF जवान 52 दिन बाद लौटा घर, पत्नी पर लगाया गंभीर आरोप

जगदलपुर। जिले में स्थित CRPF 80वीं बटालियन का लापता जवान 52 दिन बाद घर लौट आया है। जवान निर्मल कटारिया मध्यप्रदेश में रह रहा था। जगदलपुर लौटने के बाद जवान ने घर छोड़ने की वजह पारिवारिक कारण को बताया। जवान ने पत्नी हिना कटारिया पर टॉर्चर करने का आरोप लगाया है। हालांकि, जवान की पत्नी ने झूठा आरोप लगाना बताया है।

निर्मल कटारिया ने कहा कि, हम दोनों पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ महीनों से कुछ भी ठीक नहीं चल रहा था। किसी न किसी बात को लेकर हर दिन घर में झगड़ा होता था। पारिवारिक कलह इतनी ज्यादा बढ़ गई थी कि घर छोड़ने का और कहीं जाकर सुसाइड करने का निर्णय ले लिया था। इसी वजह से 5 अगस्त से ड्यूटी पर भी नहीं जा रहा था। निर्मल कटारिया का कहना है कि, मध्यप्रदेश के किसी शहर में रहकर मजदूरी कर गुजारा चला रहा था।

इधर, जवान की पत्नी हिना कटारिया ने पति के लगाए सारे आरोपों को झूठा कहा है। उन्होंने कहा कि, पति मुझे टॉर्चर करते थे। मायके वालों से पैसे मांगने को कहते थे। इसमें ससुराल वालों का भी हाथ था। पैसों की तंगी और उधारी के चलते वे घर छोड़कर चले गए थे। अब ससुराल वालों के दबाव में आकर गलत आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि, पति जगदलपुर आ तो गए हैं लेकिन वे अभी घर पर साथ में नहीं है। दरअसल, कुछ दिन पहले भी महिला ने प्रेस वार्ता लेकर अपने पति पर मायके से पैसे मंगवाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया था।

3 दिसंबर से था लापता

जवान निर्मल कटारिया 3 दिसंबर से लापता था। पत्नी ने जवान की गुमशुदगी की रिपोर्ट बोधघाट थाने में दर्ज करवाई थी। पत्नी ने उस समय भी मीडिया से कहा था कि पति पर 70 से 80 हजार रुपए का कर्ज था। उधार की वजह से वे घर छोड़कर भागे थे।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *