डॉगी की मौत से दुखी युवती ने की आत्महत्या, कुत्ते के बेल्ट से लगाई फांसी

कोरबा। जिले में एक युवती ने अपनी डॉगी की मौत के बाद आत्महत्या कर ली। डॉगी की मौत के बाद युवती परेशान रहने लगी थी। इसके बाद उसने कुत्ते के बेल्ट से ही फांसी लगाकर आत्महत्या की है। बताया गया है कि उसका दोस्त भी उसे परेशान किया करता था। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

रामपुर के सिंचाई कॉलोनी में रहने वाली ऋचा सोंधिया (20) रायपुर में रहकर DCA की पढ़ाई कर रही थी। उसकी मां दुर्ग राजस्व विभाग में चपरासी के पद पर पदस्थ है। बताया गया कि ऋचा ने कुछ समय पहले अनिकेत मिश्रा के साथ मिलकर 40 हजार रुपए में कुत्ता खरीदा था। ऋचा उससे बहुत प्यार करती थी। रायपुर में भी उसने कुत्ते को अपने साथ रखा था। इस बीच छुट्‌टी होने के कारण वह घर आ गई थी। साथ में कुत्ते को भी अपने साथ ले आई थी। एक हफ्ते पहले कुत्ते की मौत हो गई। वहीं उसका दोस्त अनिकेत उसे परेशान करता था। कहता था कि तुम्हारे चलते ही कुत्ते की मौत हुई है। ये ठीक नहीं हुआ है। उसे फोन पर बुरा-भला कहता रहता था।

रविवार को दोपहर के वक्त ऋचा ने कुत्ते के बेल्ट को ही फंदा बना घर पर फांसी लगा ली। उस वक्त उसकी मां नहा रही थी। जब छात्रा की मां दुर्गा वापस निकली, तब उसने अपनी बेटी की लाश देखी। दुर्गा की आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस को भी इस घटनाक्रम की जानकारी दी गई। अब सोमवार को शव का पोस्टमार्टम किया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *