मुखबिरी के शक में नक्सलियों ने की एक और हत्या, जंगल ले जाकर रेत दिया गला, पर्चे में लिखकर बताई यह वजह

सुकमा। CG NEWS : जिले में माओवादियों ने पुलिस की मुखबिरी करने के शक में एक युवक को मौत की सजा दी है। देर रात माओवादी युवक को उसके घर से उठा लिए। फिर जंगल ले जाकर गला रेत दिया। वारदात के बाद शव को गांव में फेंक दिया। बताया जा रहा है कि, करीब 5 से 7 की संख्या में पहुंचे माओवादियों ने हत्या की है। मामला जिले के भेज्जी थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, ओन्धेरपारा के रहने वाले मड़कम राजू की माओवादियों ने हत्या की है। मंगलवार की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच कोंटा एरिया कमेटी के नक्सली इसके घर पहुंचे थे। युवक को जबरदस्ती उठाकर ले गए। फिर जंगल में हत्या करने के बाद शव को गांव में फेंक दिया। जिसके बाद सारे नक्सली मौके से भाग निकले परिजनों ने इस बात की खबर गांव के ग्रामीणों को दी इसके बाद पुलिस को भी जानकारी दी गई।

बताया जा रहा है कि, बुधवार सुबह पुलिस गांव पहुंची। युवक के शव का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटनास्थल से नक्सलियों के पर्चे भी बरामद हुए हैं। इसमें लिखा है कि मड़कम राजू थानेदार के साथ पिछले 3 सालों से मजबूत संबंध बना रहा था। पुलिस का मुखबिर था। इससे पहले कई बार उसे समझाइश भी दी गई लेकिन वह फिर भी नहीं माना। इसके लिए मौत का फरमान जारी किया गया था। इसलिए अब उसे मौत की सजा दे दी गई है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *