कलेक्टर सोनी ने की जल जीवन मिशन के तहत कार्यों के प्रगति की समीक्षा

कोण्डागांव – कलेक्टर दीपक सोनी की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा सोमवार को जिला कार्यालय के प्रथम तल में स्थित सभाकक्ष में की गई।इस अवसर पर कलेक्टर ने ग्राम पंचायतवार स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी पूर्ण कार्यों को अनुबंध के अनुसार छः माह तक ठेकेदार द्वारा स्वयं संचालित करने के उपरांत ही हस्तांतरित किया जाएगा। उन्होंने पंप संचालन का कार्य स्थानीय युवाओं के माध्यम से सुनिश्चित किए जाने पर भी जोर दिया, जिससे युवाओं को रोजगार प्राप्त हो सके।

उन्होंने घर-घर तक नल के माध्यम से जल पहुंचाने वाली इस योजना को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी घरों तक पर्याप्त मात्रा में जल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी गांव में कोई भी घर इस योजना से छूटना नहीं चाहिए। जल जीवन मिशन के तहत नल कनेक्शन हेतु स्वीकृत घरों की संख्या और वास्तविक घरों की संख्या की जानकारी प्राप्त करने के लिए उन्होंने क्रियान्वयन सहयोगी एजेंसी के माध्यम से सर्वेक्षण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत सभी कार्यों की पूर्णता एवं गुणवत्ता के आधार पर ही हस्तांतरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों के सत्यापन के लिए क्रियान्वयन सहयोगी एजेंसियों को कार्यवार दायित्व सौंपे जाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अगस्त माह के अंत तक सभी कार्यों को पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने कार्य में आ रही रुकावट के संबंध में भी जानकारी लेते हुए इसके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने पंप संचालन के लिए विद्युत कनेक्शन की आवश्यकता तथा सोलर पंप के स्थापना के संबंध में भी अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्हांेने योजना के क्रियान्वयन में गति लाने के लिए सभी संबंधित विभागों के मध्य आवश्यक समन्वय में किसी भी प्रकार की कमी नहीं लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विभाग के परिश्रम के कारण कार्य में प्रगति दिख रही है, जिसे निरंतर रखते हुए अगस्त माह तक कार्य को पूर्ण करना है। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में पूरा सहयोग किया जाएगा।

योजना के गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन और लोगों को इसका उचित लाभ प्रदान करने के लिए कलेक्टर ने प्रगति की समीक्षा के दौरान ठेकेदारों द्वारा दी गई जानकारी का प्रतिपरीक्षण भी तत्काल मोबाईल फोन के माध्यम किया। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता एचएस मरकाम सहित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *