साधराम यादव हत्याकांड पर सीबीआई जांच की मांग लेकर विपक्ष का हंगामा, गर्भगृह में घुसे कांग्रेसी विधायक, सदन में उपस्थित सभी कांग्रेस विधायक निलंबित

रायपुर। विधानसभा में आज साधराम यादव हत्याकांड का मामला शून्यकाल में उठा। कांग्रेस विधायकों ने सीबीआई जांच की मांग की। इस मांग पर सदन में हंगामा शुरु हो गया। कांग्रेस विधायक गर्भगृह में उतर नारेबाजी करने लगे। गर्भगृह में उतरने पर कांग्रेसी विधायक सदन से निलंबित हो गए। इसके बाद सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।

इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, साधराम यादव की हत्या की सही जांच नहीं की गई है। ना ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा मिला।

कांग्रेस विधायक रामकुमार यादव, देवेंद्र यादव, द्वारिकाधीश यादव, विक्रम मंडावी और अनिला भेड़िया ने उचित कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस विधायकों ने सीबीआई जांच की मांग दोहराई।

स्पीकर डॉक्टर रमन सिंह ने कहा, गृहमंत्री ने इस विषय पर कल ही सदन में स्पष्ट जवाब दे दिया है। इस विषय में आगे भी सदस्यों को अपनी बात कहने का मौक़ा मिलेगा।

भूपेश बघेल ने कहा, यह गंभीर मामला है। सीबीआई जांच की घोषणा की जानी चाहिए।

संसदीय कार्यमंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, जो लोग सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं उन्हें ख़ुद सीबीआई पर भरोसा नहीं है।

भूपेश बघेल ने कहा, सीबीआई को बैन हमने नहीं किया है। हमारे पूर्व सरकार ने ये व्यवस्था कर ली थी। हम जब आये तब हमने सिर्फ़ नोटिफ़िकेशन जारी किया था। आज भाजपा सत्ता में है लेकिन अब तक सीबीआई की एंट्री को लेकर नोटिफ़िकेशन जारी नहीं किया है। सरकार की अनुमति से किसी जांच पर राज्य की सहमति पहले भी थी।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *