मुख्यमंत्री साय का विपक्ष पर हमला, कहा- कांग्रेस-JMM ने आदिवासियों को बंधुआ मजदूर और वोट बैंक समझा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने झारखंड में 3 जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने साहिबगंज जिले के बरहेट, पाकुड़ जिले के अमरापाड़ा और दुमका जिले के शिकारीपाड़ा में सभा कर भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 7 मई को लोकसभा का चुनाव संपन्न हो चुका है और हम प्रदेश की सभी ग्यारह की ग्यारह सीटें जीतकर मोदी जी को दे रहे हैं। उन्होंने झारखंड की जनता से प्रदेश की सभी चौदह सीटें भाजपा को जिताकर पीएम मोदी को देने का आग्रह किया।

सीएम साय ने कहा कि झारखंड के लोगों को जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन की सरकार ने खूब भरमाया। हमेशा यही भ्रम फैलाते हैं कि मोदी और भाजपा सरकार आई तो यहाँ के जल, जंगल, जमीन को लूट लेगी। जबकि पूरे झारखंडवासियों को पता है कि यहाँ के जमीन को लूटने वाला एक मात्र आदमी यहाँ के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं। झारखंड के लिए दुर्भाग्य की बात है कि आज यहाँ के पूर्व मुख्यमंत्री जमीन लूटने के मामले में, माइंस के लिए जमीन लेने के मामले में जेल में हैं।

गठबंधन सरकार को घेरते हुए विष्णु देव साय ने कहा कि यहाँ की सरकार में मंत्री, कांग्रेस नेता आलमगीर आलम के पीए के घर से करोड़ों रूपए निकलता है। कांग्रेस के एक सांसद धाीरज कुमार के यहां छापा पड़ता है तो उसके यहां से तीन सौ इक्यावन करोड़ रूपए घर से निकलता है। ये सारा जनता का पैसा है। ये पैसा विकास में नहीं लग रहा है, ये पैसा सड़क, बिजली, पानी के लिए नहीं लग रहा है बल्कि उन्होंने अपने एशो-आराम के लिए रखा है, जो उनके घर से मिल रहा है। उन्होंने कांग्रेस और जेएमएम को चोर-चोर मौसेरे भाई बताते हुए जनता से उसे उखाड़ फेंकने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और जेएमएम ने आदिवासियों का कोई विकास नहीं किया। उसे केवल बंधुआ मजदूर समझा, वोट बैंक समझा। भाजपा ने आदिवासियों का भरपूर सम्मान किया, कर रही है और आगे भी करेगी।

उन्होंने कहा कि श्रद्धेय अटल जी ने आदिवासियों के हित के लिए अलग से आदिम जाति कल्याण मंत्रालय बनाया, जहाँ आदिवासी मंत्री पदभार संभालते हैं और बजट की भी कोई कमी नहीं होती है। श्री साय ने कहा कि आज संथाल की एक आदिवासी परिवार की बेटी, बहन द्रौपदी मुर्मू देश की राष्ट्रपति हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का दायित्व नरेंद्र मोदी ने मुझे सौंपा है। इसलिए हम कह सकते हैं कि आदिवासियों का हित भाजपा में ही सम्भव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार होने से काफी लाभ होता है। छत्तीसगढ़ में 15 साल भाजपा की सरकार थी, लेकिन पांच साल के लिए कांग्रेस ने सत्ता संभाली तो भ्रष्टाचार को जमकर बढ़ावा मिला। तीन महीने पहले आई भाजपा सरकार ने एक बार फिर विकास कार्यों को गति दे रही है। डबल इंजन की सरकार ने किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *