बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद में शादी की खुशियां चंद घंटों में ही मातम में बदल गईं। परिवार वाले बेटा-बहू की आवभगत के लिए इंतजार कर रहे थे, लेकिन दूल्हे की मौत की खबर आ गई। शादी के बाद दुल्हन को विदा करकर लौटने के दौरान युवक के सीने में दर्द हुआ और उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अगले ही दिन बहन की शादी थी। इस घटना के बाद पूरा परिवार और गांव सदमे में है। मामला लाटाबोड़ गांव का है।
जानकारी के मुताबिक, बालोद-दुर्ग मार्ग पर स्थित ग्राम लाटाबोड़ निवासी बंशीलाल साहू के बेटे छगनलाल साहू (26) की शनिवार को शादी थी। उसकी बारात धमतरी के ग्राम कुर्रा में पदुमलाल साहू के घर गई थी। सारी रस्में धूमधाम से पूरी हुईं। शादी के बाद बहू को विदा कर सभी खुशी पूर्वक घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक छगनलाल के सीने में दर्द होने लगा। इस पर उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
छगनलाल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। चार बहनों में उसकी मझली बहन की भी रविवार को शादी थी। ग्राम धनेली निवासी टिकेश्वर बारात लेकर आने वाले थे। घर के सभी लोग नई बहू के साथ अगले दिन बारात के आगमन की प्रतीक्षा कर रहे थे, तभी यह घटना हो गई। वहीं बहन ने भी शादी से मना करते हुए अपनी बारात लौटा दी। वहीं नई दुल्हन के भविष्य को देखते हुए उसे घर लाने की जगह मायके वापस भेज दिया।