WEATHER UPDATE: प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, कड़कड़ाती ठंड से जल्द मिलेगी राहत

रायपुर: छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से कुछ जिलों में शीत लहर जैसी स्थिति बनी हुई थी, जिससे ठंड बढ़ने से लोग परेशान हो रहे थे। हालांकि, रायपुर मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में प्रदेश के तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं जताई है। साथ ही, अगले तीन दिनों में तापमान में बढ़ोत्तरी होने से कड़ाके की ठंड और शीतलहर जैसी स्थिति से राहत मिलने की उम्मीद जताई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी छत्तीसगढ़ के जिलों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस और दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हो सकती है, जिससे ठंड में राहत मिलेगी।

इसके साथ ही, 17 दिसंबर से प्रदेश में आकाश में थोड़े बहुत बादल छाए रहने की संभावना है। 18 दिसंबर से दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। रायपुर में 15 दिसंबर को आसमान साफ रहने की उम्मीद है, और यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

प्रदेश के कुछ जिलों में ठंड का असर ज्यादा देखा जा रहा है। सरगुजा संभाग में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया, जबकि बिलासपुर और दुर्ग संभाग में भी तापमान सामान्य से नीचे रहा। बलरामपुर में 2.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ ठंड की स्थिति सबसे अधिक पाई गई। वहीं, प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने यह भी बताया कि आगामी 24 घंटों में दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है, जिससे अगले दो दिनों में इसका प्रभाव बढ़ने और पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में तमिलनाडु तट की ओर बढ़ने की संभावना है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *