शेयर ट्रेडिंग के नाम पर रायपुर के कारोबारी से सवा दो करोड़ की ठगी, जानें कैसे बनाया शिकार

रायपुर। जल्द से जल्द पैसा कमाने का लालच ही साइबर फ्रॉड को बढ़ावा दे रहा है। रायपुर के कारोबारी जितेंद्र सोमानी इसका ताजा उदाहरण हैं, जिनके साथ टेलीग्राम पर ठगी हुई और उन्होंने सवा दो करोड़ रुपये गंवा दिए।

कारोबारी जितेंद्र सोमानी ने बताया कि जनवरी 2024 में उनकी टेलीग्राम ऐप पर एक लड़की से बातचीत हुई, जिसका नाम अंजली था। अंजली ने खुद को निवेश विशेषज्ञ बताते हुए उन्हें फ्यूचर फॉर्च्यून ग्लोबल लिमिटेड नामक एक ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ दिया। इस दौरान उसने बड़े मुनाफे का लालच दिया और भरोसा जीतने के लिए उन्हें नकली स्क्रीनशॉट्स दिखाए, जिनमें अन्य लोगों के भारी मुनाफे का दावा किया गया था। शुरुआत में उसने झांसे में लेने के लिए जितेंद्र सोमानी से 50 हजार रुपये का निवेश करवाकर फर्जी ऐप में दोगुना मुनाफा भी दिखाया। इससे प्रेरित होकर उन्होंने 17 अलग-अलग किस्तों में कुल 2 करोड़ 19 लाख 81 हजार रुपये जमा कर दिए।

ऑनलाइन ट्रेडिंग में फायदा देखकर पहले तो कारोबारी जितेंद्र को शक नहीं हुआ, लेकिन ठगों ने कुछ समय बाद ट्रेडिंग ऐप को “मार्केट खराब” होने का बहाना बनाकर बंद कर दिया। इसके बाद जब जितेंद्र ने अपने पैसे वापस मांगे, तो उनसे 30 प्रतिशत टैक्स जमा करने की मांग की गई। यहीं से उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने तुरंत मोवा थाना पहुंचकर FIR दर्ज करवाई।

SEBI में दर्ज कराएं शिकायत
WhatsApp और Telegram जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल सिर्फ अफवाहें और फर्जी खबरें फैलाने के लिए नहीं, बल्कि लोगों की गाढ़ी कमाई को ठगने के लिए भी धड़ल्ले से हो रहा है। अगर इस तरह का मामला आपके सामने आए, तो संबंधित व्यक्ति या सोशल मीडिया ग्रुप से उसका सेबी रजिस्ट्रेशन नंबर जरूर पूछें। यही नहीं, इस तरह के फ्रॉड से बचने या फिर इसकी शिकायत करने के लिए आप सेबी की रजिस्टर्ड ई-मेल या मोबाइल नंबर पर शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *