भाजपा केंद्रीय संगठन में होगा बदलाव…. नहीं बढ़ेगा नड्डा का कार्यकाल ,होली से पहले ही नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलेगा

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय संगठन में बदलाव होने जा रहा है। दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत मार्च के पहले हफ्ते तक शुरू हो जाएगी। होली से पहले पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। फरवरी के आखिरी तक 18 राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के चयन की प्रक्रिया पूरी होते ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित होगा।

भाजपा संविधान के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव तभी कराया जा सकता है जब देश के कम से कम आधे राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव हो जाएं।पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा को एक और कार्यकाल देने की जगह पार्टी नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनेगी। हालांकि, भाजपा संविधान के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए कोई व्यक्ति लगातार दो टर्म के लिए चुना जा सकता है। इस लिहाज से नड्‌डा तकनीकी रूप से राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की अहर्ता रखते हैं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि उन्होंने दोबारा अध्यक्ष बनने की जगह किसी नए व्यक्ति को यह जिम्मेदारी देने की बात कही है।

भाजपा सूत्रों के मुताबिक इस बार राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए द. भारत से किसी नेता के नाम पर सहमति बनाने का विचार है। क्योंकि, भाजपा का फोकस अब दक्षिणी राज्यों पर है। 20 साल से वहां से कोई राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं बना है। 2002-2004 के बीच वेंकैया नायडू (आंध्र) आखिरी थे। इस पर आरएसएस व आनुषंगिक संगठनों से भी चर्चा हो चुकी है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक ये तय है कि जो भी नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बनेगा, अगला लोकसभा चुनाव 2029 उसी के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। चूंकि, राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल 3 साल होता है, ऐसे में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल जनवरी 2028 तक होगा। ठीक 14 महीने बाद लोकसभा चुनाव होंगे, लिहाजा उनका कार्यकाल लोकसभा चुनाव तक बढ़ाया जाएगा।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *