ईस्टर पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने की युद्धविराम की घोषणा , यूक्रेन से की सीजफायर लागू करने की अपील

इंटरनेशनल न्यूज़। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध में ईस्टर के मौके पर युद्धविराम की घोषणा की। क्रेमलिन की ओर से कहा गया कि यह युद्धविराम शनिवार शाम 6 बजे (मॉस्को समय) से शुरू होकर ईस्टर रविवार की मध्यरात्रि तक लागू रहेगा। राष्ट्रपति पुतिन ने यह घोषणा जनरल स्टाफ प्रमुख जनरल गेरासिमोव के साथ एक बैठक में की।

पुतिन ने गेरासिमोव के साथ बैठक में कहा, मानवीय भावना को ध्यान में रखते हुए आज शाम छह बजे से लेकर ईस्टर की मध्यरात्रि तक रूसी पक्ष युद्धविराम की घोषणा करता है। इस अवधि के दौरान सभी सैन्य कार्रवाई रोकने का आदेश देता हूं।

रूसी राष्ट्रपति ने यूक्रेन से भी अपील की कि वो इस युद्धविराम का सम्मान करे और जवाब में युद्धविराम लागू करे। उन्होंने कहा कि त्योहार के इस मौके पर लड़ाई को रोका जाना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी कहा, हमारी सेनाओं को किसी भी युद्धविराम उल्लंघन, उकसावे या दुश्मन की आक्रामक कार्रवाई का जवाब देने के लिए तैयार रहना चाहिए।

बैठक में जनरल गेरासिमोव ने बताया कि यूक्रेन की सीमा से सटे दो छोटे इलाकों को छोड़ दें तो कुर्स्क क्षेत्र का पूरा हिस्सा अब हमारे नियंत्रण में है। गौरतलब है कि अगस्त 2024 में यूक्रेनी सेना ने कुर्स्क क्षेत्र में घुसपैठ कर कुछ हिस्सों पर कब्जा कर लिया था। अब रूस का दावा है कि वहां से अधिकांश यूक्रेनी सेना को पीछे खदेड़ दिया गया है।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने भी बताया कि रूसी बलों ने कुर्स्क क्षेत्र में यूक्रेनी सैनिकों को एक महत्वपूर्ण इलाके से पीछे हटा दिया है। मंत्रालय ने कहा कि यूक्रेन की सीमा से लगे ओलेशन्या गांव पर रूस ने नियंत्रण पा लिया है, जो कि इस क्षेत्र में यूक्रेन के आखिरी ठिकानों में से एक था।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *