ऑपरेशन सिंदूर : ‘पाकिस्तान हमें उकसाने का काम कर रहा, उसका संयमित जवाब दे रहे’, ब्रीफिंग में विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी

दिल्ली। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से बौखलाए पाकिस्तान की कायरना हरकतों को लेकर विदेश मंत्रालय, सेना और वायु सेना ने शनिवार को एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने पाकिस्तान की नापाक हरकतों का पर्दाफाश किया। इस दौरान विक्रम मिस्री ने कहा कि पिछले दो-तीन प्रेस ब्रीफिंग में बताया गया कि पाकिस्तान की हरकतें तनाव को बढ़ाने का काम कर रही हैं। पाकिस्तान हमें उकसाने का काम कर रहा है। आज सुबह दोबारा पाकिस्तान ने उकसाने वाला और तनाव बढ़ाने वाली हरकतें कीं, हम उसका पूरे संयम के साथ उचित जवाब दे रहे हैं।

कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तानी सेना पश्चिमी सीमाओं पर लगातार हमले कर रही है। उसने भारत के सैन्य ठिकानों पर हमला करने के लिए ड्रोन, लंबी दूरी के हथियार, युद्धक हथियार और लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया है। भारत ने कई खतरों को नाकाम कर दिया, लेकिन पाकिस्तान ने 26 से अधिक स्थानों पर हवाई मार्ग से घुसपैठ करने की कोशिश की। उन्होंने उधमपुर, भुज, पठानकोट, बठिंडा में वायुसेना के ठिकानों पर हमारे उपकरणों और कर्मियों को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने पंजाब के वायुसेना बेस को निशाना बनाने के लिए रात 1:40 बजे हाई-स्पीड मिसाइलों का इस्तेमाल किया। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं और स्कूलों पर भी हमला किया।

कर्नल कुरैशी ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश के बाद भारत ने पाकिस्तान के हथियार भंडार और सैन्य ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की। पाकिस्तान ने लाहौर से नागरिक विमानों की आड़ लेकर हमला कर रहा है। ऐसे में भारत ने नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए सटीकता से कार्रवाई की। पाकिस्तान ने भारत के सैन्य ठिकानों को तबाह करने के झूठे दावे फैलाए। कुपवाड़ा बारामूल, राजौरी और पुंछ में तोप मोर्टार से भीषण गोलीबारी की और भारत ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी सेना को काफी नुकसान पहुंचाया। पाकिस्तान की मंशा संघर्ष को भड़काने की है। भारतीय सशस्त्र बल पूरी तरह तैयार हैं। भारतीय सशस्त्र बल संघर्ष को बढ़ाना नहीं चाहते, लेकिन पाकिस्तान की यही मंशा है। हम उसका जवाब दे रहे हैं।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *