बलौदाबाजार: फैक्ट्री हादसे में मजदूर की मौत, लापरवाही पर मजदूरों का फूटा गुस्सा

बलौदाबाजार। तिल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम छैछानपैरी स्थित आरटेक इंफ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 21 वर्षीय मजदूर नंदन कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बिहार का निवासी था। हादसे के बाद मजदूरों में भारी आक्रोश फैल गया और फैक्ट्री परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

बताया गया कि फैक्ट्री में पेट्रोल पंप के लिए टंकी निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान सुरक्षा में गंभीर लापरवाही के चलते यह हादसा घटा। घायल मजदूर को आनन-फानन में रायपुर ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

प्रबंधन की चुप्पी, मजदूरों का फूटा गुस्सा

मीडिया के सवालों पर कंपनी प्रबंधन, विशेषकर एचआर अधिकारी, जवाब देने से बचते नजर आए। मजदूरों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के जरूरी उपकरणों की भारी कमी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूरों को सिर्फ फटे हुए दस्ताने दिए जाते हैं, और उन्हें दोबारा मांगने पर मना कर दिया जाता है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद तिल्दा थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन यह घटना औद्योगिक इकाइयों में श्रमिक सुरक्षा की गंभीर अनदेखी को उजागर करती है।

सवालों के घेरे में श्रमिक सुरक्षा

यह हादसा न केवल एक दुखद मौत की कहानी है, बल्कि फैक्ट्रियों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रबंधन की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े करता है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *