छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों आज भी बारिश की संभावना,अगले कुछ दिनों में बढ़ेगी सूरज की तपिश, बढ़ेगा तापमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शनिवार को राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई इलाकों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुक कर हल्की बारिश होती रही। इस बदलाव के कारण दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना बना रहा। आज भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होने की सम्भावना है। वहीं आने वाले कुछ दिनों में बारिश की कमी के कारण तापमान में बढ़ोतरी होगी।

भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार 1 जून को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश के आसार बने हुए हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर अंधड़ की संभावना जताई गई है। बिजली गिरने की भी आशंका है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

IMD के अनुसार उत्तर प्रदेश से विदर्भ तक एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) बनी हुई है, जिसके असर से छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ छींटे और अंधड़ की संभावना बन रही है। उन्होंने वज्रपात की भी चेतावनी दी है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। लेकिन अगले दो दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। इससे दिन में गर्मी बढ़ने की संभावना है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *