रायपुर: छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में एक बार फिर बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज शाम से लेकर गुरुवार तक बारिश की संभावना जताई गई है।

राजधानी रायपुर में फरवरी के शुरुआती 8 दिनों में दो सिस्टम बन चुके हैं। पहले सिस्टम के असर से हल्के बादल आए इसलिए बारिश नहीं हुई अब, दूसरे सिस्टम के असर से बुधवार को हल्के बादल आ सकते हैं और दोपहर के बाद हल्की वर्षा की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अभी सक्रिय ऊपरी हवा के चक्रवात के असर से बुधवार के अलावा गुरुवार को भी नमी आने से बादल रहेंगे। इस वजह से रात में ठंड कम रहेगी। मौसम विभाग की माने तो कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।












