छत्तीसगढ़ राजभवन अब हुआ ‘लोकभवन’ : पुराने बोर्ड की जगह लगाया गया नया नामपट्टिका

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राजभवन का नाम अब आधिकारिक रूप से बदल दिया गया है। केंद्र सरकार के आदेश के बाद राज्यपाल सचिवालय ने राजभवन का नाम बदलकर ‘लोकभवन’ कर दिया है।

आदेश जारी होते ही परिसर में लगी पुरानी नामपट्टिका को हटाकर उसकी जगह बड़े अक्षरों में ‘लोकभवन’ लिखा नया बोर्ड स्थापित कर दिया गया है। इस बदलाव के साथ अब सभी सरकारी दस्तावेजों और पत्राचार में भी ‘लोकभवन’ शब्द का ही इस्तेमाल किया जाएगा।

राज्यपाल के सचिव ने बताया कि वर्ष 2024 में आयोजित राज्यपालों के सम्मेलन के दौरान देशभर के राजभवनों को ‘लोकभवन’ नाम से संबोधित करने का प्रस्ताव रखा गया था। इसी प्रस्ताव के आधार पर गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा सभी राज्यों को पत्र जारी किया गया था। मंत्रालय के निर्देश के पालन में राज्यपाल सचिवालय ने इसे तुरंत प्रभाव से लागू करने का निर्णय लिया।

नाम परिवर्तन के बाद अब कार्यालयीन रिकॉर्ड, वेबसाइट्स, लेटरहेड, गेट पास, यूनिफॉर्म और अन्य सभी प्रशासनिक उपयोगों में नए नाम को शामिल किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, यह परिवर्तन जनता को शासन व्यवस्था के और निकट लाने का एक प्रतीकात्मक प्रयास है, जिससे राजभवन एक औपचारिक सत्ता केंद्र के बजाय ‘जनता के भवन’ के रूप में पहचाना जाएगा।

छत्तीसगढ़ भी अब उन राज्यों की सूची में शामिल हो गया है, जहां राजभवन को ‘लोकभवन’ के नाम से जाना जाएगा। इसे लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और संवैधानिक पदों की पहुंच आम जनता तक अधिक सहज बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *