राजधानी रायपुर के डीडी नगर इलाके में एक पत्नी ने अपनी पति को जिंदा जलाकर मार डाला

राजधानी रायपुर के डीडी नगर इलाके में एक पत्नी ने अपनी पति को जिंदा जलाकर मार डाला। बताया जा रहा है 8 दिसंबर की रात पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में पत्नी ने पति पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और दरवाजा बंद कर भाग गई।

मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है। आग में गंभीर रूप से झुलसे पति की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह 70% तक जल गया था। जानकारी के मुताबिक, दोनों की शादी को 22 साल हो गए थे, मनमुटाव के कारण वे अलग रहते थे। पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भतीजी की शादी में गया था पति

डीडी नगर पुलिस के मुताबिक, डीडी नगर निवासी अरुण पटवा (45 साल) 8 दिसंबर को भतीजी की शादी में शामिल होकर देर रात घर लौटा था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया।

परिजनों के अनुसार, अरुण सोने चला गया, तभी पत्नी ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और दरवाजा बाहर से बंद कर भाग गई। आग में झुलसे अरुण ने शोर मचाया तो पड़ोसी पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। 70 प्रतिशत जल चुके घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

22 साल पहले हुई थी शादी, लगातार विवाद

मृतक के परिजनों का कहना है कि अरुण और उसकी पत्नी की शादी करीब 22 साल पहले हुई थी। उनकी कोई संतान नहीं है। शादी के कई सालों से दंपत्ति के बीच मनमुटाव चल रहा था। पहले भी विवाद के मामले थाने पहुंच चुके हैं। परिजनों का आरोप है कि महिला ने पहले भी आत्महत्या का दबाव बनाकर परिवार को परेशान किया था।

पोस्टमॉर्टम के बाद सच्चाई सामने आएगी

पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से जांचा जा रहा है। आसपास के लोगों और रिश्तेदारों के बयान लिए जा रहे हैं। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *