हुक्का बार में छापा, संचालक सहित पांच लोग गिरफ्तार

रायपुर। तेलीबांधा के रेस्टोरेंट में चोरी-छिपे चल रहे हुक्का बार में पुलिस ने दबिश देकर संचालक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े जाने के बाद बार का संचालक काफी देर तक मिन्नतें करता रहा। बाद में उसने गिड़गिड़ाते हुए कहा- दुकान का किराया एक लाख है। नहीं दे पा रहा हूं। इसलिए बार चलाना पड़ रहा है। बाद में पता चला कि हुक्का बार पार्टनरशिप में चल रहा है। वहां कुछ दिनों से चोरी छिपे रोज आने वाले युवाओं को ही परोसा जाता है।

पुलिस को मुखबिर तंत्र से हुक्का बार के बारे में जानकारी मिली। उसके बाद रेस्टोरेंट में छापा मारा। छापेमारी के समय पांच युवक हुक्का का कश लगा रहे थे। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे। पुलिस की टीम ने पांचों को पकड़ा और उनके नाम, पते नोट डायरी में नोट करने के बाद छोड़ दिए। युवकों ने भी पुलिस अफसरों के सामने काफी मिन्नतें की। अफसरों से वादा किया कि अब वे कभी हुक्का नहीं पिएंगे। उसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

रेस्टोरेंट के संचालक रवि आहूजा को गिरफ्तार किया गया है। रेस्टोरेंट की तलाशी के दौरान 2 हुक्का, पाइप और फ्लेवर मिले हैं। पुलिस अफसरों ने बताया कि तेलीबांधा निवासी रवि आहूजा का तेलीबांधा तालाब के सामने वाई अर्थ कैफे एंड रेस्टोरेंट है। रेस्टोरेंट में दो पार्टनर है। एक पार्टनर वहां हुक्का चला रहा था।

सरकार ने जब आदेश जारी किया तो कुछ दिनों तक उन्होंने हुक्का बंद कर दिया। उसके बाद चोरी-छुपी फिर शुरू कर दिया। 500 से 1000 रुपए में हुक्का पिलाया जा रहा था। युवकों की टोली वहां रोज हुक्का पीने जाती थी। मुखबिर ने इसकी पुलिस को सूचना दी। उसके बाद छापा मारकर पकड़ लिया गया। पुलिस ने रेस्टोरेंट का लाइसेंस निरस्त करने के लिए प्रशासन को चिट्ठी लिखी है।

 

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *