रायपुर मरीन ड्राइव में अब लगेगा पार्किंग चार्ज, फैसले पर BJP-कांग्रेस का विरोध

रायपुर। रायपुर के तेलीबांधा तालाब स्थित मरीन ड्राइव घूमने जाने वालों से अब नगर निगम पार्किंग शुल्क वसूलेगा। निगम के इस फैसले के बाद शहर में विरोध शुरू हो गया है। लोगों का कहना है कि मरीन ड्राइव रायपुर का प्रमुख घूमने-फिरने का स्थान है, इसलिए यहां पार्किंग शुल्क लगाना सही नहीं है।

इस मामले में भाजपा और कांग्रेस दोनों ने आपत्ति जताई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि नगर निगम जनता से केवल राजस्व वसूली कर रहा है, क्योंकि नगर निगमों के पास पर्याप्त बजट नहीं है। वहीं भाजपा नेताओं ने भी इस फैसले पर सवाल उठाए हैं।

महापौर ने पार्किंग शुल्क को जायज बताते हुए कहा कि जो लोग रेस्टोरेंट और होटलों में 5 हजार से 10 हजार रुपए तक खर्च करते हैं, उन्हें पार्किंग शुल्क देने में दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रेस्टोरेंट में आने वाले लोग वाहन अव्यवस्थित तरीके से खड़े कर देते हैं, जिससे ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था बिगड़ती है। इसी को नियंत्रित करने के लिए बाइक से आने वालों से 10 रुपए और कार से आने वालों से 20 रुपए शुल्क लिया जा रहा है।

नगर निगम के अनुसार यह व्यवस्था फिलहाल 15 दिन के ट्रायल के रूप में लागू की गई है। दोपहर 12 बजे के बाद शुल्क लिया जा रहा है, जबकि सुबह 12 बजे तक पार्किंग फ्री रहेगी। महापौर ने स्पष्ट किया है कि मॉर्निंग वॉक करने वालों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *