फ्री वर्ल्ड ट्रेड एग्रीमेंट में भारत के हितों से कोई समझौता नहीं : पीयूष गोयल

मुंबई। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को मुंबई में कहा कि फ्री वर्ल्ड ट्रेड एग्रीमेंट में भारत के हितों से कोई समझौता नहीं किया गया है। इस ट्रेड एग्रीमेंट से दुनिया का 70 प्रतिशत व्यापार क्षेत्र भारत के लिए खुल गया है।केंद्रीय वाणिज्य मंत्री गोयल आज मुंबई स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देश आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए बड़े आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री की पहल पर, दुनिया के 38 देशों के साथ भारत के फ्री ट्रेड एग्रीमेंट शुरू हो गए हैं और दुनिया का 70 प्रतिशत व्यापार क्षेत्र भारत के लिए खुल गया है।

उन्होंने बताया कि यह एग्रीमेंट, जो भारत के लिए सबसे ज़्यादा फायदेमंद होगा। देश के सभी हितों की रक्षा करेगा और किसानों या किसी अन्य सेक्टर के हितों को नुकसान नहीं पहुंचाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी ताकत प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के विजन को पूरा करने में रुकावट नहीं डाल पाएगी। देशहित के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में देश विकास की तेज़ गति से आगे बढ़ रहा है और आज़ादी के अमृतकाल में एक विकसित भारत का सपना साकार होगा।

गोयल ने बताया कि जैसे-जैसे वैश्विक व्यापार क्षेत्र में अवसरों के द्वार भारत के लिए खुल रहे हैं, भारत को इन समझौतों से किसी भी अन्य देश की तुलना में अधिक लाभ होगा और भारत के किसानों, दूध और खाद्य पदार्थों के हितों को इस समझौते से बाहर रखकर उनकी रक्षा की जा रही है। इन समझौतों के माध्यम से अन्य क्षेत्रों के उत्पादों को दुनिया भर के नए बाजारों में प्रवेश करने का अभूतपूर्व अवसर मिलेगा, जिससे निर्यात, रोजगार और निवेश में भारी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मोदीजी के नेतृत्व में देश के अमृतकाल में एक विकसित भारत के मार्ग को मजबूत करने के लिए इस बजट के माध्यम से एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।

इस अवसर पर मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम, प्रदेश महासचिव श्वेता पारुलकर, राजेश शिरवाडकर, प्रदेश प्रवक्ता अतुल शाह, ओमप्रकाश चौहान आदि उपस्थित थे।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *