CG CRIME: अवैध संबंध के शक में ठेकेदार की पीट-पीटकर हत्या, 12 घंटे के भीतर 6 आरोपी गिरफ्तार

CG CRIME: खैरागढ़। थाना खैरागढ़ क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में एक ठेकेदार की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, वारदात में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक तुलाराम पटेल (45) निवासी किल्लापारा, वार्ड क्रमांक 11 खैरागढ़ बिल्डिंग ठेकेदारी का काम करता था। उसके साथ ग्राम गाड़ाडीह की एक महिला मजदूर के रूप में काम करती थी। बताया गया कि तुलाराम कभी-कभी काम खत्म होने के बाद शाम के समय महिला को अपनी मोटरसाइकिल से उसके घर छोड़ने जाया करता था।

बताया जा रहा है कि 8 मार्च की शाम को भी तुलाराम पटेल उक्त महिला को छोड़ने ग्राम गाडाडीह गया था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने उस पर अवैध संबंध का शक जताते हुए उसे घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने “तुम यहां क्यों आते हो, गांव को बिगाड़ रहे हो” कहते हुए हाथ, मुक्के और लात से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान तुलाराम पटेल को चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद थाना खैरागढ़ में मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(2), 190, 191(1) और 191(2) के तहत अपराध दर्ज किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मारपीट कर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने मामले में कीर्तन यादव उर्फ मुन्ना (35), समय यादव (45), आशीष यादव उर्फ बोदू (42), रूपलाल वर्मा (26), पल्टन वर्मा (60) और पवन वर्मा (35), सभी निवासी ग्राम गाडाडीह को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, मामले की विवेचना अभी जारी है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *