00 मुख्यमंत्री साय ने कहा नियद नेल्लानार योजना आप सबको समर्पित
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के गरियामय उपस्थिति में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व वरिष्ठ विधायक विक्रम उसेंडी के नेतृत्व में कांकेर जिले के सुदूर गांव आलपरस, गुंदूर के ग्रामीणों ने भाजपा प्रवेश कर विकसित गांव-विकसित प्रदेश के संकल्प को और मजबूत करने का प्रण लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से ग्रामीणों ने चर्चा करते हुए कहा कि नियद नेल्लानार योजना हम सबके जीवन को बदलने वाला एक महत्वकांक्षी अभियान है। जिससे प्रभावित होकर हम सबने भाजपा प्रवेश का संकल्प लिया है। इस मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आप सबके लिए हम जन कल्याणकारी योजनाओं का संचालन लगातार कर रहे हैं। यही कारण है कि जनता के बीच सरकार के प्रति विश्वास और बढ़ रहा है। आप सबका भाजपा परिवार में स्वागत है।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समक्ष आए ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र की समस्याएं रखी जिस पर मुख्यमंत्री साय ने त्वरित कार्यवाही करते हुए उनके तत्काल समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान आए ग्रामीणों ने बताया कि वे सभी अबूझमाड़ की सीमावर्ती गांव के निवासी है और अबूझमाड़ में एजुकेशन सिटी के प्रांरभ होने से हम सबको लाभ होगा और हमारे आने वाली पीढ़ी का भविष्य भी उज्ज्वल होगा। इसके लिए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री साय का हृदय से आभार व्यक्त किया।












