शीतला माता मंदिर में मची भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत, पीएम ने शोक जताते हुए किया मुआवजे का ऐलान

नालंदा।  बिहार के नालंदा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां शीतला मंदिर में भगदड़ मच गई, जिससे की इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। जबकि, कई लोग घायल हो गए। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर जा पहुंची और बचाव का काम शुरू किया गया. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बिहार शरीफ स्थित मघड़ा इलाके में आज चैत्र माह का आखिरी मंगलवार होने की वजह से माता शीतला अष्टमी के दरबार में भक्तों की भीड़ लग थी। वहीं सुबह 9 से 10 बजे करीब किसी कारण से अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई। भगदड़ की सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची और हालात को काबू कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।  पुलिस ने दर्जन भर से अधिक लोगों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 8 लोगों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं पटना से आई महिला ने बताया कि, हम चार लोग साथ आए थे, लेकिन भगदड़ में बिछड़ गए। वह रोते हुए कहती है कि लोग एक दूसरे के ऊपर गिरते चले गए। किसी को संभलने का मौका नहीं मिला, हर तरफ सिर्फ चीख पुकार थी कई लोग जमीन पर गिरे पड़े थे और उन पर भीड़ चढ़ती चली गई।

उपमुख्यमंत्री ने जताया दुख

इस हादसे को लेकर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ट्वीट किया, “नालंदा स्थित माता शीतला मंदिर में हुई भगदड़ की दुखद घटना अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुर्घटना में जिन श्रद्धालुओं की जान चली गई और जो घायल हुए, उन सभी के परिवारों के प्रति मैं अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत प्रदान कर रही है। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की गई है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में संबल दें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

मुआवजे का ऐलान

घटना को लेकर पीएम मोदी ने शोक जताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, बिहार के नालंदा ज़िले में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मैं उन लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूँ जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ। PMNRF की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएँगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों के लिए आपदा प्रबंधन विभाग से 4 लाख रुपये  देने की घोषणा की है।

हादसे पर DM ने दी जानकारी

DM कुंदन कुमार ने नालंदा के मां शीतला मंदिर में हुई भगदड़ की घटना पर कहा, “आज नालंदा के मां शीतला मंदिर में काफी भीड़ हो जाने के कारण बहुत दुखद घटना हुई है। 8 लोगों की मौत हुई है, 8 लोग इलाज के लिए आए हैं। राहत-बचाव कार्य किया गया… जिन लोगों की मृत्यु हुई है उनके परिवारों के लिए 6 लाख का मुआवजा देने की घोषणा की गई है। 8 में से 7 लोगों की पहचान हो गई है। 8 लोग घायल हैं, सभी की हालत स्थिर है, एक को इलाज के लिए रेफर किया गया है।”

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *