CG Weather : छत्तीसगढ़ में गर्मी का कहर, रायपुर में 44 डिग्री की चेतावनी, दो दिन बाद बारिश के आसार

रायपुर।  छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ती गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि राजधानी रायपुर में आज 44 डिग्री तक तापमान पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार मध्य छत्तीसगढ़ में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है।

पिछले 24 घंटे में रायपुर का तापमान एक डिग्री तक बढ़ा है और शुक्रवार को दोपहर बाद तेज धूप व जलन भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। सबसे ज्यादा तापमान राजनांदगांव में 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने बताया कि दो दिन बाद प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

साथ ही एक-दो जगहों पर गरज-चमक, तेज हवा और वज्रपात की भी संभावना है। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के मुताबिक विभिन्न द्रोणिकाओं और एंटी साइक्लोन सिस्टम के असर से फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। हालांकि 26 अप्रैल से दक्षिण बस्तर के जिलों में गर्मी से कुछ राहत मिलने के संकेत हैं, जहां बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी युक्त हवाओं का असर दिख सकता है। राजधानी रायपुर में आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *