भिलाई में दर्दनाक सड़क हादसा: डंपर की टक्कर से स्कूटी सवार मां-बेटे की मौत

भिलाई: छत्तीसगढ़ में इन दिनों सड़क हादसे काफी बढ़ने लगे हैं। आय दिन कहीं न कहीं से सड़क हादसे की घटना सामने आ रही हैं। इसी बीच आज गुरुवार सुबह दुर्ग के भिलाई में डंपर की टक्कर से मां-बेटे की मौत हो गई। दोनों स्कूटी से ट्रांसपोर्ट नगर जा रहे थे। तभी सामने से आए डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसा खुर्सीपार थाना क्षेत्र में हुआ है।

डंपर छोड़कर चालक फरार
पुरैना के डाकबंगला निवासी शशिकला मिश्रा अपने बेटे अश्वनी मिश्रा (30) के साथ सुबह करीब 8 बजे स्कूटी से ट्रांसपोर्ट नगर जा रही थीं। अभी वे डबरापारा तिराहे पर पहुंचे थे कि सामने से आ रहे डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्कूटी डंपर में फंसकर घिसटती चली गई। हादसा होते देख लोगों ने शोर मचाया तो चालक डंपर छोड़कर भाग निकला।

आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब तक पहुंची मां-बेटे दोनों दम तोड़ चुके थे। उनके पास मिले आधार कार्ड से पहचान हो सकी। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी और ऑटो से दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित अस्पताल भिजवा दिया। अश्वनी एक प्राइवेट कंपनी में हेल्पर का काम करता था। पुलिस ने डंपर जब्त कर लिया है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *