CG WEATHER : छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश-आंधी; आज भी अंधड़ और वज्रपात का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ली और राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। भीषण गर्मी से परेशान लोगों को मौसम बदलने से राहत मिली, लेकिन कई जगहों पर तेज अंधड़ ने परेशानी भी बढ़ा दी। राजधानी में कई इलाकों में पेड़ गिर गए, जबकि देर रात बिजली गुल होने से घंटों अंधेरा छाया रहा। मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं कई इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। शनिवार को राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्र में 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान से पूर्वी झारखंड तक छत्तीसगढ़ होते हुए एक द्रोणिका भी बनी हुई है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश, अंधड़ और बिजली गिरने की स्थिति बन रही है।

राजधानी रायपुर में रविवार को भी आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *