सुशासन तिहार शिविर में उमड़ी लोगों की भीड़: आवास, राशन कार्ड और पेंशन से जुड़े आवेदन सबसे ज्यादा

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आयोजित किए जा रहे सुशासन तिहार के माध्यम से प्रदेशवासियों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। एक मई से शुरू हुए इस अभियान के तहत विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। शिविरों में ऐसी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है, जिनका समाधान स्थानीय स्तर पर संभव है, जबकि अन्य मामलों को शासन स्तर पर भेजा जा रहा है। अब तक सबसे अधिक आवेदन आवास, राशन कार्ड और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े प्राप्त हुए हैं।

इसी क्रम में मंगलवार को नगर निगम क्षेत्र के चार वार्डों के लिए सरकंडा स्थित पंडित रामदुलारे शासकीय स्कूल में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की। शिविर में महापौर पूजा विधानी भी शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य है। इस दौरान हितग्राहियों को राशन कार्ड और सामाजिक सुरक्षा पेंशन स्वीकृति पत्रों का वितरण भी किया गया।
Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *