CBSE 12th Result 2026 : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं के परिणाम घोषित होने के बाद अंकों से असंतुष्ट छात्रों के लिए उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त करने, त्रुटियों के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन (रिवैल्यूएशन) का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके तहत छात्र आगामी 19 मई 2026 से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का हिस्सा बन सकते हैं।
जानिए आवेदन का तरीका और तय शुल्क
सीबीएसई द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन रखा गया है। पहले चरण में छात्र मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए 19 मई 2026 से 22 मई 2026 (रात 11:59:59 बजे तक) आवेदन कर सकते हैं, जिसके लिए प्रति विषय 700 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। यह कॉपियां छात्रों की लॉगिन आईडी पर “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके बाद, दूसरे चरण में त्रुटि सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया 26 मई 2026 से 29 मई 2026 तक संचालित होगी। त्रुटि सत्यापन के लिए छात्रों को 500 रुपये प्रति उत्तर पुस्तिका और किसी विशेष प्रश्न के पुनर्मूल्यांकन के लिए 100 रुपये प्रति प्रश्न की दर से ऑनलाइन भुगतान करना होगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि फीस का भुगतान केवल डेबिट, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से ही मान्य होगा।
अंकों में बदलाव और मार्कशीट के कड़े नियम
बोर्ड ने छात्रों को सचेत किया है कि रिवैल्यूएशन के बाद अंकों में बढ़ोतरी के साथ-साथ कमी भी हो सकती है, और 1 अंक का भी बदलाव होने पर उसे अंतिम माना जाएगा। यदि किसी छात्र के अंकों में परिवर्तन होता है, तो उन्हें अपनी पुरानी मार्कशीट बोर्ड को सरेंडर (जमा) करनी होगी, जिसके बाद ही नए नंबरों वाली फ्रेश मार्कशीट जारी की जाएगी। छात्र प्रत्येक चरण के लिए केवल एक ही बार फॉर्म सबमिट कर सकते हैं, इसलिए विषयों का चयन बेहद सावधानी से करें।











