शादीशुदा महिला से युवक ने दोस्ती कर किया दुष्कर्म: प्रेग्नेंट हुई तो करा दिया गर्भपात, अब हुआ गिरफ्तार

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में महिला से दोस्ती कर उसके साथ दुष्कर्म करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरअसल, महिला और उसके पति के बीच विवाद हुआ, तब युवक ने महिला से अपनी दोस्ती का फायदा उठाया। उससे शादी करने का वादा कर दुष्कर्म किया। महिला प्रेग्नेंट हुई तो गर्भपात भी करा दिया। इसके बाद शादी से इंकार कर भाग गया। मामला सिरगिट्‌टी थाने का है।

पति से अलग रहने लगी महिला
पुलिस के अनुसार 26 वर्षीय महिला निजी संस्थान में काम करती थी और सिरगिट्‌टी क्षेत्र में रहती थी। उसके संस्थान के पास ही ओडिशा के पाठीसाही पिरहट में रहने वाला रुद्रमाधव पाढ़ी (28 साल) भी काम करता था। साल 2019 में दोनों के बीच दोस्ती हो गई। इसी बीच महिला का अपने पति से विवाद हो गया जिसके बाद वह अपने पति से अलग रहने लगी।

शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म
TI सागर पाठक ने बताया कि महिला अपने पति से अलग हो गई। इसके बाद रुद्रमाधव ने उसके साथ प्यार करने और शादी करने का वादा किया। महिला उसकी बातों में आ गई। इस दौरान उसने महिला से दुष्कर्म किया। जब वह गर्भवती हो गई। तब युवक ने उसका गर्भपात भी करा दिया और बाद में शादी करने बोला।

महिला ने जब उससे शादी करने के लिए दबाव बनाया, तब रुद्र उसे बताए बिना ही शहर छोड़कर ओडिशा भाग गया। इसकी जानकारी होने पर महिला ने बीते 31 जनवरी को इस मामले की शिकायत पुलिस से की। तब से केस दर्ज कर पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही थी। रविवार दोपहर पुलिस को पता चला कि आरोपी युवक हाईटेक बस स्टेंड के पास देखा गया है। खबर मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

Share this news:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *